अयोध्या। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के पुत्र व महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आदित्य ठाकरे की अगुवानी करने के लिए महाराष्ट्र से ट्रेन से 1200 शिवसैनिक मंगलवार देर रात ही अयोध्या पहुंच गए थे।
पंचवटी में जैसे ही आदित्य ठाकरे पहुंचे शिवसैनिकों ने गर्मजोशी से उनकी अगुवानी की। जय भवानी, जय शिवानी के साथ-साथ जय श्रीराम के भी नारे लगाए।
आदित्य ठाकरे के स्वागत में हाईवे से लेकर पूरी अयोध्या में बैनर लगे थे। शिवसैनिकों ने बुधवार सुबह से ही सरयू स्नान के बाद रामनगरी के मंदिरों में दर्शन-पूजन का सिलसिला प्रारंभ कर दिया।
रामलला के दर्शन व राममंदिर निर्माण कार्य का साक्षी बनकर शिवसैनिक निहाल नजर आए। शिवसैनिक शिवानंद कीर्तिकर ने कहा कि वे 2018 में जब उद्धव ठाकरे साहब अयोध्या आए थे।
तब भी रामलला के दर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन तब रामलला टेंट में थे। अब रामलला को अस्थायी ही सही पर भव्य घर मिल गया है। श्रीकांत ने कहा कि रामलला के मंदिर निर्माण का साक्षी बनकर जीवन धन्य हो गया है। शिवसैनिकों ने हनुमानगढ़ी, कनकभवन सहित रामनगरी के अन्य मंदिरों में दर्शन-पूजन किया।