अयोध्या। आईसीएसई बोर्ड से जिले के एक मात्र एचसीजे कालेज में 87.2 प्रतिशत अंक पाकर हाईस्कूल में कृषिका ने टॉप किया। वहीं, इंटर में 95 प्रतिशत अंक पाकर अनुभव यादव कॉलेज में अव्वल रहे।
जिले में आईसीएसई बोर्ड का एकमात्र कॉलेज एचसीजे एकेडमी जनौरा में संचालित है। कोरोना संक्रमण की वजह से प्री-बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर इस बार परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया।
बिना परीक्षा दिए परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में इस बार ज्यादा ही उत्सुकता थी। काफी इंतजार के बाद अपराह्न करीब तीन बजे परिणाम घोषित हुआ। ज्यादातर बच्चों ने ऑनलाइन रिजल्ट देख लिया और विद्यालय में गिने-चुने बच्चे ही पहुंच सके।
यहां हाईस्कूल में इस बार कुल 40 बच्चे थे जिसमें सभी उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में कृषिका रस्तोगी को सर्वाधिक 87.2 प्रतिशत अंक मिला। 87 प्रतिशत अंकों के साथ भूमि सिंह दूसरे व 86.8 फीसदी अंक हासिल करके अनुभव सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
इंटरमीडिएट में इस बार 53 विद्यार्थी पंजीकृत थे और सभी उत्तीर्ण हुए। 95 प्रतिशत अंकों के साथ अनुभव यादव टॉपर रहे। दूसरे स्थान पर रहे आयुष विश्वकर्मा को 94 प्रतिशत व तीसरे स्थान पर रही अनुष्का जैन को 91 प्रतिशत अंक मिला।
विद्यालय प्रबंधक सीपी जैन एवं निदेशिका शिक्षा जैन ने बच्चों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या इंदू ओझा ने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षा का अंक मांगा गया था जिसे बोर्ड को प्रेषित किया गया था। परिणाम काफी संतोषजनक रहा।