अयोध्या। शहीद दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइंस स्थित अस्पताल में पुलिस महानिरीक्षक कवींद्र प्रताप सिंह की ओर से वृहद स्तर पर रक्तदान शिविर का आयोजन कराया गया।
जिसमें सीआरपीएफ व पुलिस के 113 जवान महादानी बने। पुलिस लाइंस स्थित अस्पताल में पुलिस महानिरीक्षक कवींद्र प्रताप सिंह ने स्वयं रक्तदान करके शिविर का शुभारंभ किया।
मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक के विभागाध्यक्ष डॉ. डीके सिंह व जिला अस्पताल में काउंसलर डॉ. ममता खत्री के नेतृत्व में टीमों ने शिविर में रक्तदान कराया।
आईजी कवींद्र प्रताप सिंह ने जवानों को इस पुनीत कार्य के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडेय और सीआरपीएफ की 63 बटालियन के कमांडेंट छोटेलाल ने भी रक्तदान करते हुए जवानों को रक्तदान से होने वाले लाभों से अवगत कराया।
बताया कि रक्तदान से मनुष्य को कोई शारीरिक कमजोरी नहीं होती है। सभी स्वस्थ लोगों को नियमित अंतराल पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए। शिविर में देर शाम तक 113 जवानों ने रक्तदान किया है।
इनमें मेडिकल कॉलेज की टीम को 78 जवानों ने पंजीकरण कराया, जिसमें 70 ने रक्तदान किया। जिला अस्पताल की टीम को 49 जवानों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 43 ने रक्तदान किया। इस मौके पर सहायक कमांडेंट सीआरपीएफ अखिलेश्वर सिंह, सीओ सिटी पलाश बंसल, डॉ. रणविजय सिंह, डॉ. अशोक, डॉ. जेपी आदि मौजूद रहे।