रामनगरी अयोध्या के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। यहां से रामेश्वरम के लिए नई ट्रेन श्रद्धासेतु एक्सप्रेस को रवाना किया गया। इस दौरान भव्य समारोह का आयोजन किया गया। नई ट्रेन शुरू होने से अयोध्या समेत आसपास के जिलों के लोगों में उत्साह और काफी प्रसन्नता देखने को मिली।
ट्रेन को सांसद लल्लू सिंह, विनय कटियार और समारोह की अध्यक्षता कर रहे श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्यगोपाल दास ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लखनऊ मंडल के डीआरएम सतीश कुमार, सीनियर डीसीएम शिवेंद्र शुक्ल व सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व साधु-संत मौजूद रहे।
इस मौके पर आयोजित समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पीएम मोदी का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अयोध्या का विकास उसकी गरिमा के अनुरूप करने के लिए संकल्पित है, इसके लिए उन्हें प्रधानमंत्री ने विश्वास दिलाया है कि पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी। वहीं, राज्यसभा सांसद विनय कटियार ने नई ट्रेन के लिए सरकार व अयोध्यावासियों को बधाई देते हुए कहा कि ये सरकार की सकारात्मक सोच का परिणाम है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्यगोपाल दास ने अपने संबोधन में भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि सारी योजनाएं फैजाबाद चली जाती हैं और अयोध्या ठन-ठन गोपाल रह जाती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या आने वाले यात्रियों का सम्मान होना चाहिए, इसके लिए यहां से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का स्टॉपेज होना आवश्यक है।
इस पर सफाई देते हुए सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या में अभी सुविधाओं की कमी है, सुविधा पूर्ण होते ही यहां से शताब्दी जैसी ट्रेनों का संचालन होगा। वासुदेवाचार्य ने अपने संबोधन में अयोध्या से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का अयोध्या में स्टॉपेज व राजधानी-शताब्दी जैसी ट्रेनों को चलाने की बात कही।
इस दौरान जिले के दोनों सांसद समेत भाजपा के मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, दरियागंज बाराबंकी के विधायक सतीश शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अवधेश पांडेय, डीआईसीसी सदस्य ओम प्रकाश सिंह समेत ज.गु. वासुदेवाचार्य, गौरी शंकर दास, अर्जुन दास, मनमोहनदास, ऋषिकेश उपाध्याय, राकेश मणि त्रिपाठी समेत लखनऊ मंडल के डीआरएम सतीश कुमार, सीनियर डीसीएम शिवेंद्र शुक्ल व सैकड़ों कीे संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व साधु-संत मौजूद रहे।