अयोध्या। राममंदिर दर्शन पूजन करने आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रस्तावित तीन बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स व दो हाईटेक पार्क को शासन ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री की ओर से अनुपूरक बजट में राममंदिर की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर पार्किंग स्थल व बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स बनाने के लिए 209.69 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। साथ ही राम पथ व भक्ति पथ के लिए सड़क चौड़ीकरण में विस्थापित दुकानदारों को स्थान दिए जाने की योजना सुनिश्चित की गई है। पूरी योजना में लगभग 300 दुकानें व पांच हजार चार पहिया वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था होगी।
अयोध्या में राममंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद राममंदिर को जोड़ने वाली सभी सड़कों का चौड़ीकरण किए जाने का प्रस्ताव किया गया था। सड़क चौड़ीकरण के दौरान विस्थापित होने वाले दुकानदारों को मुआवजे के साथ दुकान बनाकर देने की योजना थी। सड़क चौड़ीकरण योजना को प्रदेश सरकार ने पहले ही अपने बजट में शामिल कर लिया था। इसके लिए 300 करोड़ रुपये का आवंटन निर्धारित है।
सरकार ने इसी योजना के तहत प्रस्तावित तीन बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स के निर्माण के साथ दो अन्य पार्किंग स्थलों के कार्य को मंजूरी दे दी है। अब 209.69 करोड़ रुपये से राममंदिर के सबसे पास टेढ़ी बाजार के निकट दो बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स, अमानीगंज में जलकल के पास एक बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स के साथ नया घाट से अयोध्या बाईपास जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा पार्किंग स्थल व कौशलेश कुंज के निकट एक पार्किंग स्थल का काम शुरू होगा। नगर निगम व अयोध्या विकास प्राधिकरण को बजट का एलाटमेंट किया गया है।
नगर आयुक्त व प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने बताया कि धन मिलते ही तेजी से काम शुरू हो जाएगा। भूमि चिह्नित करने के साथ योजना का प्रारूप आदि पहले ही फाइनल हो गया था। बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स और पार्क बनने से नई अयोध्या का स्वरूप दिखेगा। यहां पर्यटक सुविधाएं बेहतर हो जाएंगी।
80.77 करोड़ से राममंदिर के पास बनेगा व्यावसायिक हब
राममंदिर निर्माण के बाद अयोध्या का सबसे महत्वपूर्ण स्थल टेढ़ीबाजार चौराहा होगा। लखनऊ-गोरखपुर, प्रयागराज, रायबरेली, आजमगढ़- बलिया से आने श्रद्धालु इसी मार्ग से सीधे राममंदिर पहुंच सकेंगे। इसके दृष्टिगत टेढ़ीबाजार चौराहे के पास एक बड़ा बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा। यहां पर गाड़ियों के पार्किंग के साथ विस्थापितों के लिए दुकान व अन्य जन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए शासन से 80.77 करोड़ रुपये का एलाटमेंट किया गया है।
42.40 करोड़ से राममंदिर के पास बनेगा दूसरा बहुउद्देश्यीय कॉम्पलेक्स
राममंदिर के निकट दूसरा दो मंजिला बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा। यह जिला पंचायत के निष्प्रयोज्य अतिथि गृह पर बनाया जाएगा। इसमें पार्किंग स्थल के साथ दुकानें व अन्य जनसुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा यहां पर पीआईपी रेस्टोरेंट जैसी सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए 42.40 करोड़ रुपये की व्यवस्था अनुपूरक बजट में की गई है।
अमानीगंज जलकल के सामने भी बनेगा बहुउद्देश्यीय कॉम्पलेक्स
राममंदिर तक सीधे जाने वाले मार्ग में नयाघाट- सहादतगंज मार्ग शामिल है। इसमें पर्यटकों की सुविधा की दृष्टि से अमानीगंज के जलकल के सामने बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स बनाया जाना तय हुआ है। यह बहुउद्देशीय पार्क दो मंजिला होने के साथ दुकानों का स्वरूप लिए होगा। इसके लिए 24.7 करोड़ रुपये निर्धारित हैं।
54.69 करोड़ से पांच एकड़ में राजघाट के पास बनेगा हाईटेक पार्क
रामनगरी में नया घाट से अयोध्या बाईपास मार्ग से बड़ी संख्या में पर्यटक व श्रद्धालु आते हैं। इसके लिए शासन ने नया घाट से बाईपास मार्ग पर मच्छरहटा के निकट पांच एकड़ पर बड़ा पार्किंग स्थल बनाने जाने के लिए धन आवंटन किया है। इसकी लागत 54.69 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। यह एक मंजिला होने के साथ पांच एकड़ के दायरे तक फैला होगा। यहां दो हजार के आसपास वाहन खड़ा करने की व्यवस्था होगी।
कौशलेश कुंज के पास 7.65 करोड़ में बनेगा पांचवां पार्क
अयोध्या में बड़ी संख्या में ऐसे भी श्रद्धालु व पर्यटक आएंगे जो कि रेलमार्ग से यात्रा करेंगे। इसके लिए कौशलेश कुंज के पास एक पार्किंग स्थल के साथ जन सुविधाओं के लिए पार्किंग स्थल निर्मित किया जाएगा। यह बहुत विस्तृत तो नहीं लेकिन रेल से यात्रा करने वाले लोगों के लिए उपयोगी होगा।
उजाड़ने से पहले दुकानें अलॉट करने की व्यापारियों की मांग होगी पूरी
अयोध्या को सजाने के लिए सड़कों का चौड़ीकरण होना आवश्यक है। इसको लेकर स्थानीय व्यापारियों में लगातार रोष है। सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव में ही विस्थापित दुकानदारों को बसाए जाने की योजना थी। अब बजट आवंटन के बाद इसको बल मिला है। अगर बहुउद्देशीय कॉम्पलेक्स के निर्माण के साथ विस्थापित दुकानदारों को दुकान मिली तो व्यापारियों की मांग पूरी हो जाएगी।