अयोध्या। अयोध्या शोध संस्थान के संयोजन में एक बार फिर से अनवरत रामलीला का मंचन प्रारंभ होने जा रहा है। कोरोना के चलते अनवरत रामलीला का मंचन दो वर्षों से बंद था।
अब शासन के निर्देश पर अयोध्या शोध संस्थान रामनवमी मेेले के शुभारंभ के अवसर पर दो अप्रैल से फिर मंचन प्रारंभ करने जा रहा है। इस बार रामलीला का मंचन हाईवे स्थित रामकथा संकुल के नवनिर्मित प्रेक्षागृह में होगा।
अयोध्या शोध संस्थान एवं संस्कृति विभाग के तत्वाधान में वर्ष 2004 से तुलसी स्मारक भवन में अनवरत रामलीला का मंचन शुरू कािया गया था। तब से लगातार रामलीला का मंचन होता रहा।
इसी बीच 23 नवंबर 2015 को कतिपय कारणों से रामलीला का मंचन बंद कर दिया गया। 2017 में जब प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार आई तो उन्होंने फिर से रामलीला का मंचन प्रारंभ किया।
इसके बाद 22 मार्च 2020 में एक बार फिर रामलीला मंचन पर ग्रहण लग गया। कोरोना संक्रमण के चलते रामलीला मंचन बंद कर दिया गया। इस बीच तुलसी स्मारक भवन का जीर्णोद्धार कार्य भी शुरू हो गया और स्थानाभाव के अभाव में भी रामलीला बंद रही।
अब एक बार फिर से शासन के निर्देेश पर रामनवमी मेले के शुभारंभ अवसर पर दो अप्रैल से हाइवे के समीप स्थित रामकथा संकुल में नवनिर्मित प्रेक्षागृह में रामलीला मंचन के श्रीगणेश की योजना बनी है।
शासन के निर्देश पर दो साल बाद फिर से अनवरत रामलीला शुरू होने जा रही है। अवध आदर्श रामलीला मंडली द्वारा दो अप्रैल से रामलीला का मंचन प्रारंभ किया जाएगा। रामनवमी के बाद इसे अनवरत रामलीला मंचन का रूप दे दिया जाएगा। - रामतीरथ, प्रशासनिक अधिकारी