निर्मोही अखाड़ा के महंत ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि ट्रस्ट जो भी कार्य कर रहा है वह पूरी तरह से पारदर्शी है। हर निर्णय में हमारी सहभागिता होगी। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के अलावा, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल, डॉ.अनिल मिश्र, उड़प्पी के शंकराचार्य व ट्रस्टी स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ सहित महापौर ऋषिकेश उपाध्याय भी मौजूद रहे।
ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल का कहना है कि जमीन खरीद मामले को आगे कर समाज में भ्रम फैलाया जा रहा है। इस भ्रम के समाधान की रणनीति बनाई जा रही है। ट्रस्ट जो भी निर्णय लेगा हम उस निर्णय के साथ होंगे। भ्रम फैलाने वालों पर कार्रवाई करने के लिए हम अभी समझबूझ रहे हैं, इसके बाद ही निर्णय लेंगे। राममंदिर निर्माण कार्य किसी भी सूरत में थमने नहीं पाएगा।
ट्रस्टी स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ का कहना है कि राममंदिर निर्माण कार्य संतोषजनक तरीके से चल रहा है। ट्रस्ट पर जो आरोप लग रहे हैं वे निराधार हैं। ट्रस्ट ने जमीन खरीद मामले में पूरी पारदर्शिता बरती है। कुछ लोग राममंदिर निर्माण में रोड़ा अटकाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए क्या करना है यह ट्रस्ट निर्णय लेगा। इसी को लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है, सब कुछ जल्द ही सामने आ जाएगा।