मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही हुआ। जिले में सुबह 11 बजे के करीब से बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ तो देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान साढ़े छह डिग्री धड़ाम होकर 14 डिग्री पर पहुंच गया है। पछुआ हवा चली तो गलन और ठंड से हर कोई परेशान हो उठा। बुधवार को भी मौसम के इसी तरह रहने के संकेत हैं।
मंगलवार की सुबह से ही सर्द हवाएं चलने लगी। दोपहर के पहले बारिश की बूंदे गिरनी शुरू हुईं तो पारा और लुढ़क गया। बारिश लगातार होने से ठंड काफी बढ़ गई है। बारिश के बीच सर्द हवाएं कहर ढा रहीं हैं। रोज कमाने-खाने वालों की हालत पस्त है।
ऐसे में शहर से लेकर कस्बों तक सार्वजनिक जगहों पर अलाव नदारद हैं। पूरे दिन यात्रियों की हालत पस्त रही। लोग जरूरी काम से ही निकलते रहे। लेकिन स्कूल-कॉलेज खुलने से नर्सरी से लेकर कॉलेज से लौट रहे छात्र-छात्राओं को भीगते हुए घर लौटना पड़ा।
मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार मंगलवार को जिले में 3.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बुधवार को भी मौसम के इसी तरह रहने की उम्मीद हैं।
पश्चिमी विछोभ और पछुआ हवा से मैदानी क्षेत्र में ठंड-गलन बढ़ गयी है। वातावरण में आर्द्रता बढ़कर क्रमश: 91 व 88 फीसदी हो गई है। ठंड व गलन में इजाफे की एक प्रमुख वजह यह भी है। इससे हर किसी की परेशानी बढ़ गयी है।