अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन में 25 अप्रैल से होने वाली मुख्य परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने सभी केंद्र अध्यक्षों के साथ ऑनलाइन बैठक की।
कुलपति ने कहा कि शासन की मंशा के अनुुरूप शुचितापूर्ण परीक्षा कराई जानी है। किसी भी केंद्र पर परीक्षा की पारदर्शिता में शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
कुलपति ने बताया कि 25 अप्रैल से विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा शुरू हो रही है। जो 17 जून तक चलेगी। इसके लिए सात जनपदों में 448 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दोनों पालियों की परीक्षा में 3.75 लाख परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
इसकी निगरानी के लिए विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त परीक्षा की पवित्रता बनाये रखने के लिए सचलदल नियुक्त कर दिया गया है। जो सभी सात जनपदों के परीक्षा केंद्रों पर आकस्मिक निरीक्षण करेंगे।
किसी भी केंद्र पर परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। केंद्र अध्यक्षों से कहा कि नकल विहीन परीक्षा कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी बनती है।
इसलिए पूरी ईमानदारी के साथ परीक्षा संपन्न कराए। बैठक में केंद्र अध्यक्षों ने अपनी कुछ समस्या को भी रखा। जिसका शीघ्र निस्तारण कराए जाने के लिए कुलपति ने आदेशित किया।
परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने बताया कि बीए, बीएसी, बीकॉम द्वितीय, तृतीय वर्ष के साथ परास्नातक की परीक्षा शुरू हो रही हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए नोडल केंद्र बनाए गए हैं।
कोविड के अनुपालन में परीक्षा कराए जाने का दिशा-निर्देश भी दिया गया है। बैठक में सहायक कुुलसचिव मो. सहील सहित सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं केंद्र अध्यक्ष शामिल रहे।