नवरात्र पर्व नजदीक आते देख खाद्य पदार्थों में अपमिश्रण के खिलाफ रिकाबगंज क्षेत्र में कई दुकानों पर छापामारी की गई। खाद्य विभाग की टीम ने दूध, मिठाई, किराना और आइसक्रीम की दुकानों से कुल छह नमूने भरे।
निशाने पर आई सभी दुकानें रिकाबगंज हनुमानगढ़ी व उसके आसपास स्थित हैं। खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी पीबी पांडेय के नेतृत्व में निकली टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरालाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रत्नाकर पांडेय और विवेक कुमार आदि शामिल थे।
टीम सबसे पहले हनुमानगढ़ी तिराहा स्थित मिठाई की एक प्रसिद्ध दुकान पर जा धमकी। इसके बाद यह टीम पास स्थित दो और मिठाई की दुकानों पर गई। टीम ने इन दुकानों से दूध और कुछ मिठाई का सैंपल भरा।
मिठाई दुकान के सामने उत्तरी पटरी पर दिन में बाटी-चोखा और शाम को दूध बेंच रही अगल-बगल की दो दुकानों से दूध का नमूना उठाया गया। इसके निकट किराना की दो दुकानों से कचौड़ी का आटा व दाल का नमूना भरा।
टीम ने सप्लाई आफिस के पास चल रही एक आइसक्रीम फैक्ट्री पर छापा मार आइसक्रीम का नमूना लिया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मिठाई, दूध, किराना व आइसक्रीम फैक्ट्री से कुल छह नमूने भरे हैं।