जिला अस्पताल में विलाप करते परिवारीजन
- फोटो : अमर उजाला
इनायतनगर थानाक्षेत्र के गहनागन देव स्थान के पास इलाहाबाद नेशनल हाईवे पर बाइक से पेट्रोल पंप पर ड्यूटी करने जा रहे एक युवक को तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने टक्कर मार दी। घायल युवक को मिल्कीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
रविवार सुबह लगभग छह बजे इनायतनगर थाना क्षेत्र के पूरे बख्तावर निवासी अजय यादव (28) बाइक से कुरावन पेट्रोल पंप पर ड्यूटी करने के लिए जा रहा था। फैजाबाद-रायबरेली नेशनल हाईवे पर गहनागन के पास सामने से आ रही मैजिक वाहन ने बाइक सवार युवक को जोर की टक्कर मार दी।
बाइक सवार युवक दूर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सीएचसी मिल्कीपुर भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उसे गंभीरावस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर मौका पाकर चालक वाहन लेकर भाग निकला।
परिवारीजनों ने बताया कि जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही घायल युवक की मौत हो गई। इनायतनगर थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवारीजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर, जिला पोस्टमार्टम हाउस पर परिवारीजनों का रोते-रोते बुरा हाल था।