बीकापुर। आधार कार्ड बनवाने और इसमें संशोधन कराने में लोगों को पसीना छूट रहा हैं। छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शासन से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड होना जरूरी है।
पहले लोग जनसेवा केंद्रों से आधार कार्ड का काम करा लेते थे। लेकिन अब जनसेवा केंद्रों पर आधार कार्ड बनाने का कार्य बंद हो गया है। जिससे समस्या पैदा हुई है।
बीकापुर में उप डाकघर और बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बीकापुर को नया आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने के लिए अधिकृत किया गया है।
यहां आधार कार्ड बनवाने तथा संशोधन कराने के लिए बीकापुर तहसील क्षेत्र के अलावा सोहावल और मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र से भी लोग पहुंचते हैं। इसके लिए बैंक शाखा में अलग से काउंटर बनाया गया है।
बीकापुर बीओबी और पोस्ट ऑफिस में सुबह छह बजे से ही आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने वालों की लाइन लग जाती है। उप डाकघर बीकापुर का भी यही हाल है।
लोगों को 10 बजे बैंक खुलने के बाद टोकन बांटा जाता है। गुरुवार को बैंक शाखा में आधार कार्ड के लिए लाइन लगाई सरोज निवासी भटपुरा भदरसा, शकीना रजौरा बीकापुर, रूबी नंदूपुर बीकापुर, लक्ष्मी जैनपुर ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए बैंक का चक्कर लगा रही हैं।
इसी प्रकार विपिन तिवारी, मंजेश विश्वकर्मा सहित अन्य कई लोगों ने बताया कि वह सुबह से ही लाइन लगाए हैं जिससे आधार कार्ड के लिए टोकन मिल सके।
बताया गया कि बैंक शाखा और पोस्ट ऑफिस में एक दिन में निर्धारित आधार कार्ड का कार्य ही हो पाता है नेटवर्क की भी समस्या रहती है अन्य लोगों को वापस लौटना पड़ता है।
बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक योगेश कुमार अवस्थी ने बताया कि आधार कार्ड के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। एक दिन में 25 से 30 आधार कार्ड का संशोधन अथवा नया बन पाता है।
उनकी प्राथमिकता रहती है। प्रयास होता है कि अधिक से अधिक लोगों का आधार कार्ड का कराया जा सके। क्षेत्र के दिग्विजय सिंह, अजय तिवारी सहित जागरूक लोगों को कहना है कि आधार कार्ड के लिए अन्य बैंक शाखाओं में भी व्यवस्था की जानी चाहिए। जिससे लोगों को सहूलियत मिल सके।