पहले दिन चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर में एमएससी होम साइंस की सारी सामान्य सीटें भर गईं। जबकि एनडी कृषि विश्वविद्यालय फैजाबाद में एमएससी होम साइंस के फैमिली रिसोर्स मैनेजमेंट (एफआरएम) की अन्य पिछड़ा वर्ग की एक फ्री सीट अवशेष है।
विवि परिसर में मंगलवार दोपहर से काउंसलिंग शुरू हुई। इसमें सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि मेरठ में एमटीए व एमटीबी प्रोग्राम में सामान्य वर्ग की सभी फ्री सीटों पर प्रवेश पूरा हो गया।
मीडिया प्रभारी उमेश पाठक ने बताया कि पहले दिन की काउंसलिंग में सामान्य, ओबीसी व अनुसूचित जाति की सभी फ्री सीटों पर प्रवेश पूरे हो जाने के बाद अब मात्र पेड व अन्य वर्गों में आरक्षित सीटों पर प्रवेश होगा।
काउसिंलिंग के पहले दिन एनडी कृषि विश्वविद्यालय फैजाबाद के पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुपालन महाविद्यालय में एमवीएससी कोर्स के लिए भी शाम तक प्रवेश लिए जा चुके थे।
उधर कुलपति प्रो. अख्तर हसीब ने काउंसलिंग स्थल का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर स्नातक उत्तीर्ण छात्रों से उनकी रुचि पूछी। उनके साथ उनकी पत्नी व अलीगढ़ मुस्लिम विवि में फसल सुरक्षा वैज्ञानिक मशर्रत हसीब ने भी काउंसलिंग प्रक्रिया का अवलोकन किया।
मीडिया प्रभारी के अनुसार बुधवार की काउंसलिंग के लिए आमंत्रित 700 अभ्यर्थियों मेें से 298 ने अपना पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रदेश के तीन कृषि विवि कानपुर, मेरठ व फैजाबाद में प्रवेश किया जाना है।
काउंसलिंग में मेरठ विवि के कुलसचिव डॉ. सीएस प्रसाद, फैजाबाद विवि के कुलसचिव डॉ. पीके सिंह, उप कुलसचिव रामचंद्र यादव सहित प्रवेश समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।