त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वोटों की गिनती जल्दी पूरी कराने के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्था की है। 15 बूथों से ज्यादा वाली न्याय पंचायतों मेें दो टेबलें बढ़ा दी गई हैं।
अब जिले में 428 टेबलें लगाई जाएंगी। इस पर लगाए गए मतगणना कार्मिकों को शनिवार को साकेत महाविद्यालय में प्रशिक्षित किया जाएगा।
जिले में पहले 130 न्याय पंचायतों में डीडीसी और बीडीसी की गिनती के लिए अलग-अलग मेज लगाए जाने की व्यवस्था की गई थी।
इस तरह सभी 11 मतगणना स्थलों पर 260 मेेज लगाए जाने के हिसाब से दो पालियों में 2900 मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया, लेकिन अब प्रशासन की रणनीति बदल गई है।
जिले में 15 बूथों से ज्यादा वाली न्याय पंचायतों में मतगणना के लिए एक सेट मेजें बढ़ा दी गई हैं। जिले में ऐसी 84 न्याय पंचायतें चिन्हित की गई हैं। जिनमें 15 से ज्यादा बूथ हैं।
प्रशासन ने इन न्याय पंचायतों के वोटों की गिनती के लिए अतिरिक्त मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई है। बताया गया है कि 168 मेजों के लिए 840 कार्मिकों के साथ ही रिजर्व कार्मिकों को भी लगाया गया है।
अपर प्रभारी मतदान कार्मिक व जिला विकास अधिकारी ने बताया कि 15 बूथों से ज्यादा वाली न्याय पंचायतों में अब चार-चार मेज लगाई जाएगी।
अतिरिक्त मतदान कार्मिकों को शनिवार को साकेत महाविद्यालय में प्रशिक्षित किया जाएगा।