अयोध्या। सिविल लाइंस स्थित एक होटल के मैनेजर शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। शनिवार भोर परिवारीजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई है।
कुछ घंटे बाद कैंट थाना क्षेत्र के गुप्तारघाट स्थित सरयू तट पर हेटल मैनेजर का मोबाइल, चप्पलें आदि मिलने से उनके नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
कैंट के सदर बाजार निवासी राजकुमार खत्री सिविल लाइंस स्थित शान-ए-अवध होटल में मैनेजर हैं। उनके भाई अनिल खत्री ने शनिवार भोर करीब तीन बजे उनके लापता होने की पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने बताया कि राजकुमार शुक्रवार शाम घर से होटल के लिए निकले थे, लेकिन होटल नहीं पहुंचे और वापस घर भी नहीं आए। काफी तलाश करने पर भी उनका कुछ पता नहीं चला।
सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने बताया कि शनिवार सुबह गुप्तारघाट स्थित सरयू तट पर एक मोबाइल व चप्पलें आदि मिलने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी आशुतोष मिश्र ने जब मोबाइल चेक किया तो वह राजकुमार खत्री का निकला। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने मोबाइल व चप्पलें राजकुमार की होने की तस्दीक की।
आशंका जताई रही है कि वो नदी में डूब गए हैं। इसको लेकर गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश की जा रही है। हालांकि सरयू उफनाई होने के कारण असुविधा हो रही है।
इसके लिए गोंडा व बस्ती जिले से भी संपर्क कर तलाश करने को कहा गया है। बताया कि इसके अलावा अन्य पहलुओं को लेकर भी लापता राजकुमार की तलाश की जा रही है।