अयोध्या। शिक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे मोबाइल कॉल एवं एसएमएस उपस्थिति सत्यापन में दो दिन में तीस और अध्यापक अनुपस्थित पाए गए हैं, जिनके एक दिन का वेतन काटने का निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किया है।
शिक्षकों की उपस्थिति के सत्यापन के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से एसएमएस व मोबाइल कॉल कार्यक्रम चलाया जा रहा है। बीते जुलाई माह में इस व्यवस्था में अनुपस्थित पाए गए 92 शिक्षकों पर कार्रवाई हो चुकी है।
इसके बाद भी हालात में सुधार नहीं हो रहा है। बीते एक व दो अगस्त में फिर ऐसे तीस शिक्षक और पकड़ में आए हैं, जो बिना अवकाश लिए अनुपस्थित रहे।
इनमें 15 शिक्षक एसएमएस उपस्थिति व 15 मोबाइल कॉल सत्यापन में अनुपस्थित पाए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमिता सिंह ने बताया कि दो दिन में अनुपस्थित मिले सभी तीस शिक्षकों का एक दिन का वेतन अवरुद्ध करने का निर्देश दिया गया है।