अयोध्या। कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को विधान परिषद सदस्य पद के लिए सपा सहित दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी के साथ लगभग छह दिन से चल रही नामांकन प्रक्रिया में नामांकन का खाता खुला।
सपा प्रत्याशी ने जुलूस की शक्ल में पहुंचकर रिटर्निंग अफसर के सामने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन होगा। नामांकन को लेकर कचहरी गेट से नामांकन स्थल तक सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे।
सीसीटीवी के साथ वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई। विधान परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को शुरू की गई थी। इस दौरान तीन दिन होली का अवकाश रहा। सोमवार को नामांकन का खाता खुल गया।
सपा प्रत्याशी हीरालाल यादव ने अपना नामांकन पत्र नामांकन स्थल जिला मजिस्ट्रेट कक्ष में अलग-अलग सेट में रिटर्निंग अफसर नितीश कुमार व उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन अमित सिंह के सामने दाखिल किया।
निर्दल प्रत्याशी अनूप पांडेय ने भी अपना नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसर के सामने दाखिल किया। सपा प्रत्याशी हीरा लाल यादव का नामांकन कराने के लिए नेता और कार्यकर्ता कचहरी के सामने एक गेस्ट हाउस परिसर में एकत्र हुए।
वहां से जुलूस की शक्ल में कचहरी गेट पहुंचे। वहां से प्रत्याशी और प्रस्तावक नामांकन स्थल पहुंचे। यहां नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल कराने के लिए विधायक लालजी वर्मा, अवधेश प्रसाद, अभय सिंह, राममूर्ति वर्मा, त्रिभवन दत्त, राम मअचल राजभर, राकेश पांडेय के साथ पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन, आनंद सेन यादव, फिरोज खान गब्बर, पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा व लीलावती कुशवाहा के साथ अयोध्या सपा जिला अध्यक्ष गंगा सिंह यादव व अंबेडकरनगर जिलाध्यक्ष राम शकल यादव सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।
नामांकन दाखिल करने के बाद एक होटल परिसर में सपा प्रत्याशी हीरालाल यादव ने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में सपा ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रदेश में सपा का कोई दूसरा विकल्प नहीं हो सकता।
कहा कि एमएलसी चुनाव में बड़ी तादाद में सपा के प्रत्याशियों को जीत दिलाकर पार्टी कार्यकर्ता यह सिद्ध कर देंगे कि संघर्ष के रास्ते समाजवादी पार्टी प्रदेश में एक बार फिर अपना परचम लहराएगी।