रेल मंत्रालय ने बजट में बाराबंकी से फैजाबाद होते हुए अकबरपुर तक ट्रैक के दोहरीकरण और फैजाबाद से अयोध्या होते हुए मनकापुर तक ट्रैक के विद्युतीकरण को मंजूरी दी है। इसके अलावा फैजाबाद-इलाहाबाद ट्रैक पर ट्रेनों की स्पीड 50 से बढ़ाकर 75 किमी./प्रति घंटा किये जाने को स्वीकृति मिली है।
इस पर अगले दो महीने में कार्य भी शुरू होने जा रहा है। रेल बजट 2016-17 में बाराबंकी से फैजाबाद होते हुए अकबरपुर तक रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण, फैजाबाद से अयोध्या, कटरा होते हुए मनकापुर तक रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण तथा फैजाबाद यार्ड की रिमाडलिंग सहित दर्जनों सुविधाएं मिल गयी हैं।
भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने फोन पर नई दिल्ली से बातचीत में बताया कि बाराबंकी से अकबरपुर तक 161 किमी. रेलवे लाइन का दोहरीकरण मिलने से अरसे से चली आ रही मांग पूरी हुई। इससे यात्रियों के एक घंटे बचेंगे व कई सुविधाओं का विकास भी होगा।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने मनकापुर तक विद्युतीकरण और ट्रैक पर नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। कार्य स्वीकृति से संतों, व्यापारियों व आमजन को सुविधा मुहैया होगी। सांसद लल्लू सिंह ने कहा है कि यह सही है कि पेश किये गये रेल बजट में रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने फैजाबाद-अयोध्या या दूसरे स्टेशनों का जिक्र नहीं किया, लेकिन बजट में उनके कई कार्यों को स्थान मिला है।