अयोध्या। कमिश्नर नवदीप रिणवा ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों व मुख्य विकास अधिकारियों से कहा कि जनपद, तहसील व ब्लॉक स्तर पर तैनात अधिकारी समय पर कार्यालय में उपस्थित हो, जहां उनकी तैनाती है, वहीं पर निवास भी करें, इसे सुनिश्चित करें। समय-समय पर कार्यालयों में साफ-सफाई, दस्तावेजों का रखरखाव आदि का औचक निरीक्षण करें। निरीक्षण एवं सत्यापन आख्या की रिपोर्ट कमिश्नर कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
कमिश्नर सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिलाधिकारियों से कहा कि कैंप लगाकर अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाए जाने का प्रबंध प्रत्येक संपूर्ण समाधान दिवस में किया जाए। योजनाओं का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। कहा कि जिन लाभार्थीपरक योजनाओं में पोर्टल पर डाटा फीडिंग व संशोधन की समस्या या अन्य टेक्निकल फाल्ट है, उसके निस्तारण के लिए संबंधित विभाग जिलाधिकारी व मंडलायुक्त स्तर से शासन को पत्र भेजकर समस्या का निस्तारण कराएं। टेक्निकल फॉल्ट के कारण कोई भी पात्र लाभार्थी योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे।
कमिश्नर ने अफसरों को निर्देश दिया कि जिन-जिन योजनाओं में मंडल की रैंकिंग स्टेट एवरेज से कम है, सभी विभाग अधिक प्रयास करके अगली बैठक से पूर्व अपनी रैंकिंग में सुधार लाएं। कहा कि आयुक्त कार्यालय को प्रस्तुत की जा रहीं सभी रिपोर्टों में मंडलीय अधिकारी प्रत्येक पृष्ठ को प्रतिहस्ताक्षरित करें, हस्ताक्षर के साथ ही अपना नाम व पदनाम अवश्य लिखें।
उन्होंने कहा कि अधिकारी किसानों से बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लाभार्थीपरक योजनाओं से किसानों को लाभान्वित करें, समस्याओं का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने अपर निदेशक स्वास्थ्य को निर्देश दिया कि दवाइयों के अपरिहार्य कारणों से अस्पताल में उपलब्ध न होने पर जन औषधि केंद्र से क्रय करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। सीडीओ से नलकूपों का औचक निरीक्षण करने के लिए कहा।
उन्होंने पावर कारपोरेशन से सभी सरकारी विभागों को समय पर उनके बकाया बिल उपलब्ध कराने और विभागों से उन बिलों का भुगतान समय पर करने के लिए कहा। उन्होंने सोलर फोटो सिंचाई पंप, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, धान खरीद व भुगतान, मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना सहित अन्य की समीक्षा की।
इसके बाद कानून व्यवस्था एवं राजस्व कार्यक्रमों की समीक्षा पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ की। बैठक में डीएम अयोध्या नितीश कुमार, बाराबंकी डॉ. आदर्श सिंह, अंबेडकरनगर सैमुअल पाल, सुल्तानपुर रवीश गुप्ता, अमेठी राकेश मिश्र, सीडीओ अयोध्या अनिता यादव, बाराबंकी एकता सिंह, सुल्तानपुर डॉ. अतुल वत्स, अंबेडकरनगर घनश्याम मीणा, अमेठी डॉ. अंकुर लाठर, नगर आयुक्त विशाल सिंह के साथ मंडलीय अधीक्षण अभियंता, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक एवं अन्य सहायक निदेशक व मंडल स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।