बारुन (अयोध्या)। एक ईंट-भट्टे पर काम करने वाले मजदूर ने शराब के नशे में धुत होकर अपनी दो साल की सौतेली बच्ची को जमीन पर पटक कर मार डाला। आरोपी ने पत्नी से बच्ची को अनाथालय भेजने को कहा। पत्नी के विरोध पर उसने ऐसी घटना को अंजाम दे दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया।
थाना इनायतनगर अंतर्गत ग्राम मेहदौना के मजरे मठिया स्थित एक ईंट-भट्ठे पर छत्तीसगढ़ के जिला महासमुंद्र के थाना पिथौड़ा स्थित गांव पिलवापाली निवासी भट्ठा श्रमिक लोकनाथ शुक्रवार रात करीब नौ बजे शराब पीकर आया। पत्नी गैरमती (25) से कहा कि बच्ची को अनाथालय भेज दो। जिसका विरोध पत्नी ने किया तो पति सौतेली पुत्री दिव्या (2) को पीटने लगा और फिर उठाकर पटक दिया।
इससे उसकी मौत हो गई। पत्नी ने बच्ची के इलाज कराने के लिए कहा तो पति ने कहा कि बच्ची सो रही है उसे इलाज की जरूरत नहीं है। पत्नी की सूचना के बाद भट्ठे पर काम करने वाले अन्य लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर और क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर राकेश कुमार श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे और लोकनाथ को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी कुछ माह पूर्व ईंट-भट्टे पर काम करने आया था। उसकी पत्नी गैरमती की पहली शादी आकाश से हुई थी, जिसकी संतान दिव्या थी। लगभग चार माह पूर्व गैरमती ने दूसरी शादी लोकनाथ से कर ली और भट्ठे पर उसके साथ काम करने लगी। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को भट्ठे से हफ्ता मजदूरी मिलने के बाद लोकनाथ ने शराब पी और उसके बाद रात में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।