अधिसूचना जारी होने की जानकारी मंगलवार को आम लोगों के साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी हो गई थी। लेकिन विधायक तेजनारायण ने पहले से तय कार्यक्रम में सुबह 11 से दोपहर करीब एक बजे तक पहुंचकर हिस्सा लिया। साथ ही 474 बच्चों को ड्रेस बांटा।
जबकि स्कूल में पढ़ने वाले ज्यादातर छात्र ग्राम पंचायतों से ही जुड़े होते हैं। यह सरकारी योजना भी है जिसके तहत ड्रेस बांटी जाती है। कार्यक्रम में न केवल मुख्य अतिथि के तौर पर विधायक ही मौजूद थे बल्कि बीईओ अरुण कुमार वर्मा भी मंचासीन थे।
बीएसए प्रदीप कुमार द्विवेदी ने कहा कि मुझे विशिष्ट अतिथि के तौर पर बुलाया गया था, लेकिन मैं नहीं गया। इसकी वजह आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होनी है। आचार संहिता के तहत बच्चों में ड्रेस वितरण भी आ सकता है।
डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल ढींगरा ने कहा कि 21 सितंबर 2015 को राज्य निर्वाचन आयोग व पंचायती राज विभाग से जारी अधिसूचना के क्रम में मंगलवार को जिले के समस्त क्षेत्र पंचायतों के सदस्यों व जिला पंचायतों के सदस्यों के सामान्य निर्वाचन की समयसारणी जारी कर दी गई है। आचार संहिता अधिसूचना जारी होने के साथ ही तत्काल प्रभाव से लागू है।
पूरा के बीईओ अरुण कुमार वर्मा ने ड्रेस वितरण कार्यक्रम में खुद की मौजूदगी से इंकार कर दिया लेकिन फोटो में वह मंचासीन हैं। उन्होंने वहां पर विधायक का स्वागत भी किया है। मौके पर कई जनप्रतिनिधि समेत पंचायत चुनाव के दावेदार व प्रधान भी ड्रेस वितरण की वाहवाही लूटते दिखे।