घटनास्थल से मृतक के कपड़े इकट्ठा करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में रानोपाली स्थित रेलवे ट्रैक के बगल एक युवक (35) का सड़ा-गला शव पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। युवक की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
उसका मुंह कूंचा हुआ था, कई और जगह चोट के निशान बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है। रानापोली चौकी प्रभारी विनोद यादव नेे बताया कि पूर्वाह्न लगभग 11 बजे अयोध्या-फैजाबाद मार्ग पर ब्रह्मबाबा स्थान के सामने रेलवे ट्रैक के पास झाड़-झंखाड़ में एक पेड़ पर राहगीरों में शव लटकता देखा।
मौके पर पहुंचकर शव को उतरवाया गया। बताया कि शव काफी पुराना लग रहा था। शरीर के कई हिस्से सड़ चुके थे। चेहरा पहचान नहीं आ रहा है। बाएं हाथ की कलाई और पेट पर चोट के निशान हैं। शव के शरीर पर बनियान व काले कलर की पैंट है।
जांच के दौरान पास के ही एक पेड़ पर कोकाकोला कलर की नई टी-शर्ट रखी हुई मिली है। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों के साथ पड़ोसी जिलों से शव की पहचान व जांच कराई जा रही है।
प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शरीर पर चोट के निशान को वह जानवर के खाने से चोट के निशान होना मान रहे हैं। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।