नगर कोतवाली क्षेत्र में सांईदाता कुटिया के पास हुई निजी क्लीनिक के कंपाउंडर की हत्या उसकी पत्नी के प्रेमी ने अपने दो साथियों की मदद से की थी। पुलिस ने रविवार को कंपाउंडर की पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार करके ये खुलासा किया है। उसके दोनों साथियों की तलाश की जा रही है। वारदात में कंपाउंडर की पत्नी की भूमिका की पुलिस पड़ताल कर रही है। जबकि घटना के बाद परिवारीजनों के आरोपों पर हिरासत में लिए गए चिकित्सक व दो अन्य को छोड़ दिया है।
कैंट थाना क्षेत्र के हांसापुर निवासी रोहित कुमार रावत (25) निजी क्लीनिक कंपाउंडर था। शनिवार रात सांईदाता कुटिया के पास हाइवे किनारे झाड़ियों में रोहित की लाश मिली थी। उसकी हत्या गला काटकर की गई थी।
रोहित के पिता परिक्रमा प्रसाद ने शंकरगढ़ बाजार में क्लीनिक चलाने वाले डॉ. तुलसीराम रावत निवासी निवासी ख्वाजापुर, लोनीकटरा, बाराबंकी हाल पता साकेतपुरी कॉलोनी रानोपाली अयोध्या, उनके सहायक शिवाकांत निवासी सराय चैमल थाना पूराकलंदर व विजयभान उर्फ मोनू को नामजद करते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शनिवार को ही तीनों को हिरासत में ले लिया था। मगर पूछताछ में इन लोगों से कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
एसपी सिटी संकल्प शर्मा ने बताया कि हत्या के अन्य बिंदुओं पर जांच के दौरान मृतक रोहित की पत्नी नीलू के प्रेमी अंबेडकरनगर के रहने वाले अमित पाल संलिप्तता उजागर हुई। अमित उसरू में किराए का मकान लेकर रहता है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की हत्याकांड का खुलासा हो गया। अमित ने बताया कि वह नीलू के मायके में उसके घर के पड़ोस में किराए का मकान लेकर रहता था।
उसका नीलू के घर काफी आना-जाना था। इसके चलते उसके नीलू से नजदीकी संबंध हो गए थे। मगर काफी विरोध के बावजूद परिवारीजनों ने पिछले साल अप्रैल में नीलू की शादी रोहित से कर दी थी। अमित ने कबूला कि इसी के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रोहित की हत्या कर दी। एसपी सिटी ने बताया कि अमित की निशानदेही पर आला कत्ल गंड़ासा बरामद कर लिया है।
हत्या में शामिल अमित के साथी विनय व आशू निवासी वशिष्ठ कुंड थाना रामजन्मभूमि अयोध्या फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी सिटी ने कहा कि मृतक की पत्नी नीलू को हिरासत में लेकर उसकी संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए चिकित्सक व उनके सहयोगियों को छोड़ दिया गया है।