रुदौली पुलिस ने रविवार दोपहर एक वर्ष से फरार चल रहे अंतरजनपदीय ठग को पौशाला के पास गिरफ्तार किया है। आरोपी पर रुदौली ही नहीं बाराबंकी में भी कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी अब तक 19 लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है।
रुदौली कोतवाली प्रभारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मवई थाना क्षेत्र के टेर गांव निवासी शातिर अपराधी मिकाइल पर कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को पिछले वर्ष से ही उसकी तलाश थी। कई प्रकार से ठगी करने में माहिर मिकाइल पर धोखाधड़ी के अधिकांश मामले दर्ज है। उसका नेटवर्क कई जिलों में फैला है।
हाल ही उसने बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सिकहौरा गांव निवासी इंद्र प्रकाश ने इसी ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस पर कई आरोपों में एक आरोप दुबई भेजने के नाम पर 71600 रुपये की ठगी का भी है।
कोतवाल ने बताया कि इसी प्रकार अब तक वह 19 लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। एक मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस 20 सितंबर को कुर्की की भी कार्रवाई कर चुकी है। रविवार सुबह मिली सूचना पर उसे पौशाला से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया।