ट्रेन में घुसकर अवैध वेंडरिंग का मामला गुरुवार को खुरेंजी में तब्दील हो गया। एक-दूसरे को ‘असली-नकली’ बताते हुए दो वेंडरों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें एक वेंडर का सिर फट गया है। घटना डाउन कैफियात एक्सप्रेस में सुबह ट्रेेन के अयोध्या से रवाना होने के बाद दर्शननगर और बिलहरघाट रेलवे स्टेशनों के बीच हुई।
हालांकि अन्य वेंडरों ने मामला पुलिस में जाने से बचाने के लिए समझौता करा दिया है। दिल्ली से आजमगढ़ जा रही डाउन कैफियात एक्सप्रेस सुबह अयोध्या से रवाना हुई थी। पैंट्री यान होने के बावजूद अवैध वेंडरों का रैकेट ट्रेन की जनरल बोगी में चढ़ गया।
ट्रेन की जनरल कोच में सवार शाहगंज जा रहे फैजाबाद के बारुन निवासी रामकरन दुबे ने फोन पर बताया कि उनको चाय देने को लेकर दो वेंडर आपस में भिड़ गये। एक दूसरे पर असली-नकली होने का आरोप लगने के बाद बात बढ़कर मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान गेट में टकराने से एक वेंडर का सिर फट गया। खून बहने लगा।
दूसरी कोचों में घुसे वेंडरों ने आकर किसी तरह दोनों पक्षों को समझाया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के बजाय दोनों ने समझौता कर लिया है। सभी अवैध वेंडर शाहगंज में उतर गये। जीआरपी के थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है।