मवई थाना क्षेत्र के दो गांवों में शुक्रवार रात घर के बाहर सो रहे एक बालक और नित्यक्रिया को गई एक बालिका का दो अज्ञात बदमाशों ने अपहरण का प्रयास किया। हल्ला गोहार पर दौड़े ग्रामीणों को देख बदमाश बच्चों को छोड़ भाग गए।
पुलिस ग्रामीणों के साथ रातभर बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी करती रही पर उनका कुछ पता नहीं चल सका। मवई थाना क्षेत्र के नेवरा गांव में शुक्रवार रात लोग अपने-अपने घर पर थे कि अचानक हल्ला मचा की गांव निवासी ननकऊ के पौत्र अंशुमान (10) को कुछ लोग पकड़कर भाग रहे हैं।
ननकऊ ने बताया कि रात करीब साढे़ दस बजे दो नकाबपोश बदमाशों ने घर के बाहर सो रहे पौत्र को दबोच लिया और ले जाने लगे। इसी बीच बच्चे के पिता का फोन आ गया तो उसकी मां बात करते हुए घर से बाहर आई और यह नजारा देखा।
इस पर महिला व बच्चे ने बचाव में चीख-पुकार की तो ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भारी संख्या देख बदमाश बच्चे को छोड़कर भाग निकले। अपहरण कर्ताओं के चंगुल से छूटे अंशुमान ने ग्रामीणों को बताया कि दोनों बदमाश काली टी-शर्ट पहने थे और चेहरे पर काली पट्टी बांधे हुए थे।
घटना की जानकारी होने पर भारी फोर्स के साथ पहुंचे थाना प्रभारी टीपी सिंह ने ग्रामीणों के साथ गहन कॉम्बिंग की पर बदमाशों का पता नहीं चल सका। उधर बगल के नरही पुरवा गांव में भी रात में करीब 10 बजे अपनी मां के साथ नित्यक्रिया को गई रामसागर पासी की पुत्री (9) को भी बाइक सवार बदमाशों ने अगवा करने की कोशिश की।
लेकिन मां के हल्ला गुहार मचाने पर बदमाश भाग गए। घटना के बाद से आसपास के गांवों में दहशत है। मवई थाना प्रभारी टीपी सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स भेजी गई। पर बदमाशों का सुराग नही लगा। दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ ननकऊ की तरफ से तहरीर दी गई है।