रुदौली कोतवाली क्षेत्र के शुजागंज में सोमवार की शाम साप्ताहिक बाजार से लौटते समय हसना मऊ रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में सवार बाराबंकी जिले के दरियाबाद थाना क्षेत्र के बनौली ग्राम निवासी दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
पड़ोसी जिले बाराबंकी के दरियाबाद थाना क्षेत्र के ढेमा और गुनौली गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से खरीददारी करने शुजागंज बाजार आए थे। सोमवार की शाम लगभग छह बजे शुजागंज की साप्ताहिक बाजार से ट्रैक्टर-ट्रॉली से सभी वापस लौट रहे थे। हसनामऊ रोड पर मदरसे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर दरियाबाद थाना क्षेत्र के गुनौली ग्राम निवासी राना (60) पत्नी संगमलाल व रामकली (55) पत्नी श्रीराम पांडेय की मौत हो गई।
जबकि ट्रॉली पर सवार ढेमा गांव निवासी कृष्णा (55) पत्नी ननकू, खुशी (22) पत्नी कमलेश, दीपू (19) पुत्र ननकू, रेनू (18) पुत्री बेचन व सीता (60) पत्नी नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक भाग गया। सूचना पर पहुंचे सीओ संतोष कुमार व कोतवाल गजेंद्र पाल ने घायलों को सीएचसी भिजवाया।