कोतवाली क्षेत्र के गणेश नगर बल्ला हाता का रहने वाला ललित श्रीवास्तव (32) पुत्र हरिश्चंद्र श्रीवास्तव त्योहार पर फुटपाथ पर दुकान लगा तथा समय-समय पर अलग-अलग काम कर जीवन यापन करता था। वह अक्सर सुबह देर से सोकर उठता था।
उसके भाई तथा पेशे से अधिवक्ता सुरेश श्रीवास्तव ने बताया कि ललित कुमार रात लगभग डेढ़ बजे खा-पीकर सोने के लिए ऊपरी मंजिल स्थित अपने कमरे में गया था। बुधवार को सुबह दस बजे तक ललित के कमरे का गेट नहीं खुला तो उन्होंने छत पर जाकर भाई को आवाज दी, लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं मिला।
अन्य लोगों को बुलाया और कमरे का दरवाजा तोड़ा तो देखा कि ललित कुमार का शव पंखे के सहारे रस्सी के फंदे से लटका दिखा। मामले की जानकारी पुलिस को देकर शव को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक ललित की मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची रिकाबगंज चौकी पुलिस ने मौका-मुआयना किया। मृतक के कमरे में काफी तादात में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां मिली हैं।
परिवारीजनों का कहना है कि ललित इन मूर्तियों को दुकान लगाने के लिए लेकर आया था।
इस बाबत रिकाबगंज चौकी प्रभारी रिकेश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह पता चल सकेगी।