करंट लगने से हुई बिजली उपनल संविदा कर्मी किरन कुमार पांडे की मौत के मामले में डीएम द्वारा सीडीओ प्रकाश चंद्र की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीडीओ ने दुर्घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से सात नवंबर तक लिखित साक्ष्य उनके विकास भवन कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा है।
मालूम हो कि 27 नवंबर को लक्ष्मेश्वर में ट्रांसफार्मर में आई खराबी को ठीक करने के दौरान उपनल संविदा कर्मी मीटर रीडर किरन कुमार पांडे की करंट लगने से मौत हो गई थी। इस मामले की जांच के लिए डीएम सविन गुप्ता ने सीडीओ प्रकाश चंद्र की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की थी।
इस समिति में ईई विद्युत परीक्षण खंड और श्रम प्रवर्तन अधिकारी सदस्य बनाए गए हैं। सीडीओ ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना चाहता है तो वह सात नवंबर को दिन में एक बजे से सायं चार बजे तक सीडीओ कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है। इस तिथि के बाद कोई भी दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।