अयोध्या-शुक्रवार को पुराने बस स्टेशन से होते हुए अधिगृहीत परिसर के निकट तक पहुंचा था संदिग्ध स्कार्पियो।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को रामगुलेला मार्ग स्थित अधिग्रहीत परिसर (रेड जोन) से सटा एक संदिग्ध वाहन लावारिस अवस्था में खड़ा मिला। सूचना पर परिसर प्रशासन व पुलिस में हलचल मच गई। आनन-फानन में बम डिस्पोजल स्क्वायड टीम व पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, पुलिस वाहन थाने में उठा लाई। अधिग्रहीत परिसर (रेड जोन) की फुलप्रूफ सुरक्षा में यह लापरवाही तब है जब कुछ दिन पूर्व संदिग्ध युवक को लेकर जिले में हाई अलर्ट है।
घटनाक्रम के अनुसार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे से एक स्कॉर्पियो राम गुलेला मार्ग से होते हुए अधिग्रहीत परिसर (रेड जोन) की बैरीकेडिंग के पास खड़ी देखी गई। आधे घंटे बाद रेडजोन के पास लावारिस संदिग्ध वाहन की सूचना पर परिसर प्रशासन व पुलिस में हलचल मच गई।
आनन-फानन में पुलिस अफसरों के साथ बम डिस्पोजल स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि वाहन की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस वाहन को थाने उठा लाई। थानाध्यक्ष दिनेश्वर पांडेय ने बताया कि जांच के बाद वाहन मालिक छत्तीसगढ़ के जिला जाजगीर चंपा गांधी चौक पुरानी बस्ती नैला वार्ड नंबर तीन निवासी सत्येंद्र कश्यप छह साथियों के साथ आए। पूछताछ में बताया कि रामलला के दर्शन जाने के लिए पुराने बस स्टैंड पर वह मार्ग पूछ रहे थे। एक पुलिसकर्मी वहीं पर मिला। वह उनके साथ बैठा और उन्हें यहां ले आया।