फैजाबाद। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व उत्तराखंड में कई बड़ी लूट की वारदातों में शामिल कुख्यात अनिल चौधरी तीन साथियों के साथ यहां पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अनिल गैंग फरीदाबाद, दिल्ली, मथुरा, बाजपुर उत्तराखंड, बुलंदशहर में कई बड़ी लूट में शामिल था। ये सभी लूट सराफा दुकान पर की गई थीं। आरोपियों के पास से चोरी की दो लग्जरी वाहन व तीन असलहे भी बरामद हुए हैं। अनिल के अनुसार वह फैजाबाद में एक बड़ी सराफा शॉप पर लूट के इरादे से आया था।
गैंग को पकड़ने में तब सफलता मिली, जब निकाय चुनाव के मद्देनजर बीकापुर कोतवाल सुनील कुमार सिंह व उनकी टीम मंगलवार रात चौरे बाजार चौकी बैरियर पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। एसएसपी सुभाष सिंह बघेल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि सल्तानपुर की ओर से एक कार व एसयूवी पर सवार बदमाश फैजाबाद की ओर जा रहे हैं, इनके पास भारी मात्रा में असलहे भी हैं।
पुलिस को रात करीब 9:10 बजे जब दोनों वाहन आते दिखाई पड़े तो उसे टार्च की रोशनी दिखाकर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों गाड़ियों में सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस टीम ने दौड़ाकर दोनों वाहनों में सवार चार लोगों को दबोच लिया। आरोपी अनिल चौधरी पहले अपनी पहचान छुपाता रहा और गलत नाम व पता बता पुलिस को बहकाता रहा। बाद में उसके साथियों पर सख्ती करने पर उन्होंने उसकी असली पहचान बताई।
अपराधियों की पहचान अनिल चौधरी उर्फ सतीश निवासी सदरपुर थाना सलेरपुर जिला बुलंदशहर, अनिल यादव निवासी निधऊ का पुरवा थाना कूरेभार सुल्तानपुर, विजयपाल निवासी राजभट्टा कॉलोनी थाना एमआई एरिया राजस्थान व शांति प्रकाश वर्मा निवासी रुकनुपुर थाना गोसाईगंज सुल्तानपुर के रूप में हुई। इनके पास से दो लग्जरी वाहन समेत दो तमंचा, एक रिवॉल्वर .32 बोर, 13 कारतूस बरामद हुए।
एसएसपी के अनुसार चारों बदमाश दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड समेत यूपी में घूम-घूमकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने बीकापुर पुलिस की इस सफलता पर टीम को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
इन वारदातों में शामिल था अनिल
एसपी ग्रामीण संजय कुमार के अनुसार अनिल उर्फ सतीश कुख्यात अपराधी है। उसने 2006 में हरियाणा के फरीदाबाद जिले में सराफा की दुकान पर 40 लाख की लूट, 2001 में दिल्ली के लाजपतनगर से लक्ष्मी ज्वेलर्स से एक करोड़ की लूट, 2006 में मथुरा के होली गेट के एक सराफा की दुकान से 40 लाख की लूट, उत्तराखंड के बाजपुर इलाके में नीलम ज्वैलर्स से 55 करोड़ की लूट व बुलंदशहर के लल्लापुर चौराहे पर स्थित एलएम ज्वैलर्स की दुकान से तीन करोड़ की लूट में शामिल रहा है।
उन्होंने बताया कि वह अपने साथियों के साथ फैजाबाद में किसी लूट की वारदात को अंजाम देने आ रहा था। उसके साथ पकड़े गए सभी बदमाश शातिर अपराधी हैं। उन पर भी विभिन्न जनपदों में केस दर्ज है।