बीकापुर में चौरे बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र के एक घर में बुधवार रात बदनीयती से घुसे ट्रक चालक की महिला ने डंडे से पिटाई कर दी। घायल ट्रक चालक की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सूचना पर एसपी ग्रामीण और कोतवाल ने मौके पर जाकर पूछताछ की। महिला की तहरीर पर मृत ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चौरे पुलिस चौकी प्रभारी अमित कुमार मिश्र के बताया कि बुधवार रात ट्रक चालक इंद्रजीत यादव पुत्र रामनरेश निवासी दशरथपुर बाजार एक व्यक्ति के घर के पीछे छुपा था। रात करीब एक बजे घर में मौजूद महिला उठी तो ट्रक चालक ने छेड़छाड़ का प्रयास किया। विरोध में महिला ने बगल में रखा डंडा उठाया और ट्रक चालक की पिटाई कर दी।
सूचना पर चौरे पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे और घायल ट्रक चालक को बीकापुर सीएचसी भेजा गया। जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। बाजार में मृत चालक के खड़े ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चर्चा यह भी रही कि ट्रक चालक शराब के नशे में था।
जिससे पिटाई के दौरान उसकी हालत गंभीर हो गई और वह मर गया। कोतवाल सुनील कुमार मिश्र ने बताया कि चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। महिला की तहरीर पर घर में घुसकर छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी ग्रामीण कुलदीप नारायण ने घटना की जांच के निर्देश दिए है।