मिथलेश की हत्या का आरोपी आलोक।
- फोटो : अमर उजाला
मवई थाना क्षेत्र के अमराई गांव में सड़क पर एक माह पूर्व हत्या कर फेंके गए महिला के शव के रहस्य से पर्दा उठाते हुए पुलिस ने हत्या के आरोपी विवाहित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के 20 दिन बाद जब महिला के शव की शिनाख्त हुई तो इस हत्याकांड का खुलासा हो सका।
बीती 15 नवंबर को मवई थाना क्षेत्र के अमराई गांव स्थित रामलाल के खेत के किनारे स्थित कच्ची सड़क पर खून से लथपथ एक महिला का शव बरामद हुआ था। कुछ ही दूर पर पुलिस ने खून से सना चाकू भी बरामद किया था।
जिससे महिला की हत्या की गई थी। 21 वर्षीय अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त को लेकर पुलिस काफी दिनों तक परेशान रही। पांच दिसंबर को मृत महिला की शिनाख्त मिथलेश कुमारी पुत्री ज्वाला प्रसाद निवासी पूरे नजरअली मजरे अहमदपुर थाना शुक्लबाजार जिला अमेठी के रूप में हुई। जिसके बाद पिता की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल को आगे बढ़ाया।
एसपी सिटी उदयशंकर ने रविवार को इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मृत महिला के पिता की शंका के आधार पर छानबीन करते हुए पता चला कि शुक्लबाजार थाना क्षेत्र के पूरे लदई दूबे मजरे दख्खिन निवासी आलोक पुत्र नकछेद ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।
एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी ने बताया कि मृत महिला से उसका प्रेम प्रसंग अप्रैल 2016 से चल रहा था। इस दौरान उसकी मिथलेश से उसके जनसेवा केंद्र पर मुलाकात और फोन पर बात भी होती थी। उन्होंने बताया कि इसकी भनक उसकी पत्नी गिरजावती को लग गई थी।
जिसके चलते पति-पत्नी में मनमुटाव भी हो गया और परिवार टूट गया। जब वह नहीं लौटी तो प्रेमी-प्रमिका ने भाग जाने की योजना बनाई और 14 नवंबर की शाम बाइक से निकल पड़े। प्रेमी जब अमराई गांव के पास बाइक रोक कर लघुशंका करने लगा तो उसी दौरान उसका प्रेमिका मिथलेश से विवाद हो गया। जिसके बाद प्रेमी ने मिथलेश का उसी के दुपट्टे से गला कस दिया और डिग्गी में रखा चाकू से गले पर वार कर हत्या कर दी ।