रिकाबगंज स्थित एसबीआई के एक एटीएम बूथ में बुधवार को पिस्टल और कपड़े मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गये। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। छानबीन के बाद पुलिस ने बताया कि बरामद पिस्टल असलहा नहीं बल्कि बच्चों का खिलौना था।
रिकाबगंज स्थित नरेंद्रालय सभागार के निकट मुख्य मार्ग पर स्थित साई प्लाजा में सामने एक ओर एसबीआई और दूसरी ओर आईसीआइसीआई बैंक का एटीएम बूथ है। दिन में यहां की सुरक्षा के लिए कोई गार्ड नहीं तैनात था।
दोपहर बाद सफाई कर्मी एसबीआई के एटीएम में पहुंचा और वहां के कूड़ेदान में पिस्टल देख मामले की जानकारी आसपास के दुकानदारों को दी और लोगों के सलाह पर पुलिस कंट्रोल रूम को फोनकर प्रकरण की सूचना दर्ज कराई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद एक दरोगा व एक सिपाही मौके पर पहुंचे और बूथ में जाकर कूड़ेदान से पिस्टल उठाने के बाद कागज व कपड़े में लपेट लिया। बाहर जाकर पिस्टल अपने बाइक की डिग्गी में रख लिया और मौके से चले गये।
इसके कुछ देर बाद सीओ सिटी अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और एटीएम बूथ में पहुंचकर छानबीन की और स्थानीय लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने मौके से कोट, पैंट, जूता, स्वेटर व इनर बरामद किया है। जिसको अपने साथ ले गई है।
एटीएम बूथ की सुरक्षा में तैनात गार्ड को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इस बाबत एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि सीओ सिटी हीरालाल के साथ पुलिस को जांच के लिए भेजा गया था। मौके से मिली पिस्टल खिलौना थी।
सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में मंगलवार शाम एक महिला अपने बच्चे के साथ रकम निकालने एटीएम बूथ में घुसी थी। शायद उसके लड़के ने अपनी खिलौना (पिस्टल) वहां गिरा दी और महिला ने जल्दबाजी में कपड़े छोड़ दिये।
बूथ की सुरक्षा में लगाया गया गार्ड शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक ड्यूटी करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अकसर गार्ड की ओर से कपड़े-जूते बूथ में रख दिये जाते हैं, जिसके चलते किसी ने ध्यान नहीं दिया।
गार्ड ने शाम को आने की बात कही है। मामले की विस्तार से जांच कराई जा रही है। अभी फिलहाल कोई आपत्तिजनक बात नहीं नजर आई है।