रौनाही थाना क्षेत्र के लखनऊ-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के कांटा चौराहे पर शुक्रवार देर शाम पशुपालन विभाग की जीप ने एक साइकिल सवार को रौंद दिया। घटनास्थल पर ही साइकिल सवार की मौत हो गई।
शुक्रवार देर शाम तकरीबन साढ़े छह बजे रौनाही थाना क्षेत्र के गोड़वा गांव निवासी पिंटू (20) पुत्र राम अवध घर से कांटा चौराहा साग सब्जी लेने के लिए साइकिल से जा रहा था। वह हाईवे से कुछ दूर आगे ही निकला था कि लखनऊ की ओर से फैजाबाद को जा रही पशुपालन विभाग की जीप ने साइकिल सवार युवक को पीछे से टक्कर मारी और रौंद दिया। जीप अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड्ड में जा गिरी। मौका पाकर चालक भाग निकला।
पुलिस ने युवक के परिवारीजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों को करुण क्रंदन देख हर किसी की आंखें नम हो गई। सत्तीचौरा चौकी प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि जीप को कब्जे में ले लिया गया है।
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के परिवार की माली हालत खराब है। मृतक सोहावल चौराहा स्थित एक गैराज में मोटर साइकिल मैकेनिक था और परिवार का भरणपोषण करता था।