हाईवे पर शुक्रवार को आईसीआईसीआई बैंक आ रही सिक्योरिटी सर्विस की कैश वैन लूटने आए बदमाशों की फायरिंग में गार्ड की मौत के अलावा जिले में लूट और छिनैती की कई अन्य घटनाएं भी हुईं। कैंट थाना क्षेत्र में ससुराल जा रहे दंपती से बदमाश तमंचा सटा नकदी समेत जेवर लूटकर भाग गए।
जबकि नगर कोतवाली के नवीन मंडी के पास पूजा कर लौट रही एक महिला से लाखों के जेवर उड़ा लिए। कैंट थाना क्षेत्र के जलालपुर का रहने वाला जयकिशोर गुरुवार को साइकिल पर अपनी पत्नी चंद्रावती को बिठाकर ससुराल जा रहा है। चंद्रावती आशा बहू है।
जयकिशोर जैसे ही रायपुर नहर के पास पहुंचा, बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। दंपती पर तमंचा तान बदमाशों ने उनके पास मौजूद 1700 रुपये नकद और पत्नी के शरीर पर मौजूद जेवर लूटकर भाग निकले।
रास्ते से गुजर रहे एक अधिवक्ता को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल के 100 नंबर पर फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी राजेश सिंह और एसओ राजीव सिंह ने दंपती से घटना की जानकारी की।
उधर, नगर कोतवाली के शिवनगर निवासी रामअकबाल की पत्नी सावित्री सिंह रोज की भांति शुक्रवार को मंदिर से करीब साढ़े आठ बजे लौट रही थीं। रास्ते में काला चश्मा पहने मिले दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और बात ही बात में महिला को संमोहित कर मंडी की ओर लेकर चले गए।
पीड़ित महिला ने नवीन मंडी चौकी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अज्ञात युवकों ने उनसे पूजा की थाल, सोने के चेन व टॉप्स ले ली और भाग गए। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो घटना की जानकारी हुई। सीओ सिटी राजेश तिवारी का कहना है कि दोनों मामलों में पड़ताल की जा रही है।