नगर कोतवाली क्षेत्र के नाका स्थित एक मोबाइल की दुकान पर बैठे सिंचाई कर्मी युद्धवीर सिंह को सोमवार रात अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
घटना को अंजाम देने के पीछे चुनावी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हमलावरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है। कैंट थाना क्षेत्र के बनवीरपुर गांव निवासी युद्धवीर सिंह (28) लघु सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं।
उसे पिता सूर्यप्रताप सिंह के निधन के बाद मृतक आश्रित कोर्ट से नौकरी मिली है। बताते हैं कि युद्धवीर की नाका बाईपास पर पीसीओ और मोबाइल की दुकान भी है।
वह रात करीब साढ़े सात बजे वहीं बैठा था कि तभी अचानक आए बाइक सवार दो बदमाशों में से एक ने गोली मार दी। सूचना पर परिवारीजन युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
कोतवाल का कहना है कि जब तक मौके पर पहुंचे, परिवारीजन घायल युवक को जिला अस्पताल से लेकर लखनऊ निकल चुके थे। तहरीर आते ही रिपोर्ट दर्ज होगी। फिलहाल हमलावरों की तलाश व पहचान को लेकर चेकिंग तेज कर दी गई है।