बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के नाम पर फर्जी फॉर्म भरवाए जाने की शिकायतें प्रशासन तक पहुंच गई है। इसे भ्रामक बताते हुए प्रोबेशन अधिकारी ने ऐसे व्यक्ति और संस्थाओं की सूचना दिए जाने की अपील की है। कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
जिले में कई स्थानों से यह सूचना मिली कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के नाम पर फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। साथ ही इस बात का आश्वासन दिया जा रहा है कि फॉर्म भरने के बाद लड़कियों को दो लाख रुपये तक की धनराशि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से अंतरित की जाएगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि यह पूर्णत: असत्य एवं भ्रामक है। मंत्रालय से इस योजना के लिए किसी तरह का कोई इन्सेंटिव देय नहीं है। कहा कि यह जालसाजी है। ऐसे व्यक्तियों या संस्थाओं को चिह्नित करके इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था लोगों को भ्रमित कर ऐसे फॉर्म भरवा रहे हैं तो उसकी सूचना जिला प्रोबेशन अधिकारी कलेक्ट्रेट को देने का कष्ट करें।