बरामद बाइक की डिग्गी से पुलिस ने एक तमंचा, नंबर प्लेट सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। हालांकि पुलिस बरामद तमंचे को नकली बता रही है।
चांदपुर गांव निवासी प्रधानाध्यापक कौशल किशोर शुक्ला सोमवार को आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की ऐहार शाखा से 25 हजार रुपये निकालकर घर जा रहे थे।
इसी बीच डेहवा गांव के पास बाइक सवार तीन युवकों ने अचानक उनकी बाइक के बगल अपनी बाइक सटाकर कनपटी पर तमंचा लगा दिया।
प्रधानाध्यापक के बाइक रोकते ही बदमाशों ने उनकी डिग्गी में रखे 25 हजार रुपये निकाल लिए। जैसे ही बदमाश रुपये लेकर भगने लगे, प्रधानाध्यापक शोर मचा दिया।
इस पर आसपास के राहगीरों ने बदमाशों को दौड़ा लिया। भागते समय बदमाशों की बाइक फिसल गई और वह बाइक छोड़कर तमंचा लहराते हुए भाग गए।
भागते समय एक बदमाश का तमंचा मौके पर ही छूट गया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल सज्जाद हुसैन नकवी ने जांच शुरू की। ग्रामीणों का कहना है कि बाइक की प्लेट पर नंबर नहीं था।
पुलिस ने बदमाशों की बाइक की डिग्गी खोलकर देखा तो उसमें यूपी 42 एडी-8129 की एक नंबर प्लेट, निवास प्रमाण पत्र, लेखपाल भर्ती के प्रवेश पत्र मिले।
कोतवाल ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई है। बाइक व तमंचा बरामद हुआ है लेकिन तमंचा नकली है। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है।