पिपरी जलालपुर में इलायची दाना और गट्टा बनाने के लिए फैक्ट्री में प्रतिबंधित तत्व मिलाया जा रहा है। गुरुवार की देर शाम खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छापेमारी कर गट्टे का नमूना सील किया है। मौके पर ड्रम में नील भरा हुआ पाया गया और सोडियम हाइड्रो सल्फेट भी। फैक्ट्री से गट्टे का नमूना सील कर जांच के लिए प्रदेश प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद फैक्ट्री पर कार्रवाई की जाएगी।
पिपरी जलालपुर में गट्टा, इलायची दाना व अन्य खाद्य पदार्थ बनाने की संजय यादव की फैक्ट्री है। गट्टे में शाइनिंग लाने के लिए वह नील व सोडियम हाइड्रो सल्फेट का प्रयोग करता था। जबकि खाद्य पदार्थ में यह दोनों प्रतिबंधित हैं।
सहायक खाद्य आयुक्त वीके पांडेय की अगुवाई में फैक्ट्री पर पहुंची टीम अंदर का नजारा देख कर दंग रह गई। ड्रम में नील घोल कर भरा हुआ था। सोडियम हाइड्रो सल्फेट के पैकेट पाए गए। मौके से खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चौधरी ने गट्टे का नमूना सील किया।