नगर कोतवाली के मोदहा दक्षिणी निवासी एक दुकानदार ने अपने ही घर में फांसी लगा ली। मंगलवार की सुबह पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। दुकानदार शादी टूटने से परेशान था।
नगर कोतवाली के पाश इलाके कौशलपुरी कॉलोनी में चाय-समोसे की दुकान चलाने वाला 28 वर्षीय प्रदीप कुमार यादव उर्फ बिट्टू पुत्र शीतला प्रसाद शहर के ही मोदहा दक्षिणी मोहल्ले का निवासी था। सोमवार की शाम दुकान बंद करने के बाद वह घर आया था।
रात 11 बजे पिता शीतला प्रसाद सोने के लिए दुकान जाने लगे तो बिट्टू के मांगने पर उसको सौ रुपया दिया। मंगलवार की सुबह बिट्टू का शव उसके घर के मेहराब में लगी लोहे की रॉड से उसी के मफलर के सहारे लटका मिला। जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
घर वालों का कहना है कि प्रदीप कुमार यादव उर्फ बिट्टू की पूर्व में शादी हुई थी, लेकिन शादी के कुछ दिनों के बाद उसकी पत्नी छोड़कर चली गई। छह माह पहले दूसरी जगह शादी की बात चली थी और सब कुछ निर्णायक स्थिति तक पहुंच गया था, लेकिन लड़की के परिवार वालों ने बाद में शादी करने से इंकार कर दिया। उसी के बाद से बिट्टू कुछ परेशान चल
रहा था।