नगर कोतवाली के उसरु गांव क्षेत्र में बुधवार रात संदिग्ध हालात में हुई प्रॉपर्टी डीलर की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह रिपोर्ट मृतक के पिता ने दर्ज कराई है।
बुधवार रात उसरु स्थित एक जमीन के समतलीकरण के दौरान मिट्टी गिरा रहे डंपर की चपेट में आकर उसरु गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर राजेश यादव की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
मृतक का पिता राम आशीष यादव उर्फ छब्बू ने तहरीर में कहा कि संतोष उर्फ तांत्रिक उर्फ ध्रुव प्रसाद निवासी परसपुर सथरा थाना इनायतनगर, संदीप सिंह निवासी शिवनगर कॉलोनी थाना कोतवाली नगर, धर्मवीर निवासी हरीपुर जलालाबाद थाना कैंट तथा रामनिवास निवासी परसौला थाना रामसनेहीघाट बाराबंकी ने उनके बेटे की हत्या कर वारदात को दुर्घटना का रूप दे दिया।
नगर कोतवाल एचएन मिश्र ने बताया कि हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू करा दी गई है।