गोसाईगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक एसयूवी सवार सात लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक बंदूक समेत पांच असलहे व 16 कारतूस बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करवा चालान किया है। थाने के प्रभारी शाह आलम ने बताया कि रविवार रात वाहन चेकिंग के दौरान भीटी रोड पर मड़हा पुल के पास एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई।
वाहन सवार धर्मवीर उपाध्याय निवासी बूढनपुर थाना इनायतनगर, प्रमोद कुमार वर्मा निवासी केशरुवा बुजुर्ग थाना तारुन, शैलेश कुमार वर्मा निवासी जाना बाजार थाना हैदरगंज, वीरेंद्र कुमार वर्मा निवासी नेतवारी चतुरपुर थाना तारुन, अरविंद वर्मा निवासी माहनमऊ केवटहिया थाना तारुन व कोमल यादव निवासी गद्दौपुर थाना कैंट तथा ईश्वरदीन कोरी निवासी तारापुर पूरा बाजार थाना महराजगंज के पास से एक सिंगल बैरल बंदूक, चार तमंचा व 16 कारतूस बरामद हुआ।
प्रमोद के खिलाफ तारुन व कोतवाली नगर में हत्या के प्रयास, फिरौती के लिए अपहरण, धमकी, गैंगेस्टर आदि के चार मुकदमे दर्ज मिले हैं, जबकि शैलेश के खिलाफ जीआरपी चारबाग में आर्म्स एक्ट व वाराणसी के कैंट पुलिस में एनडीपीएस एक्ट की रिपोर्ट दर्ज है। वाहन कैंट के गद्दौपुर निवासी भोला सिंह का है जिसे धर्मवीर उपाध्याय किराये पर लेकर चलाता था।