पटरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पुलिस चौकी के पास शुक्रवार को दोपहर जीप (बोलेरो) और ट्रक में भिड़त हो गई। इस हादसे में जीप में सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी भेजवाया।
जहां से जीप चालक समेत दो घायलों को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जीप सवार सभी लोग लखनऊ में एक मांगलिक कार्यक्रम से लौटकर सिद्धार्थनगर जिला जा रहे थे।
हाईवे पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को करीब तीन बजे लखनऊ से फैजाबाद की ओर जा रहे एक ट्रक ने हाईवे पर अचानक ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो ट्र्रक में टकरा गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौका पाकर भाग गया। बोलेरो सवार 11 लोगों में से ड्राइवर किस्मत अली, उदयराज तिवारी, संजय, पंकज, शिवकुमार घायल हो गए। हाईवे पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी रुदौली भेजवाया।
जहां से डॉक्टरों ने ड्राइवर व उदयराज की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि ट्रक चालक मौके से ट्रक समेत भाग गया। दो गंभीर रूप से घायलों को छोड़ कर शेष लोगों को हल्की चोटें आई हैं। जिनको इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।