गोसाईगंज के भाजपा प्रत्याशी इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू व सपा प्रत्याशी अभय सिंह के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। दोनों पर बिना अनुमति वाहनों के काफिले के साथ प्रचार जलूस निकालने का आरोप है।
तारुन थाने में दर्ज मुकदमे के वादी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम थाना क्षेत्र के गौरा तिराहे पर गोसाईगंज के भाजपा प्रत्याशी इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू बिना परमीशन के 15 वाहनों के काफिले के साथ प्रचार कर आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे थे।
उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना एसआई रमापति सिंह को सौंपी गई है। मयाबाजार प्रतिनिधि के मुताबिक बगैर अनुमति के जुलूस निकालने पर गोसाईगंज के सपा प्रत्याशी अभय सिंह के खिलाफ महराजगंज थाने में आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष नीरज राय ने बताया कि सपा प्रत्याशी ने शनिवार को बिना अनुमति के मया बाजार में वाहनों के काफिले व लाल लश्कर के साथ जुलूस निकाला, जो कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।