ट्रेन से देवरिया जा रहे नशे में धुत एक फौजी की रिवॉल्वर गायब हो गयी। इसे लेकर फौजी ट्रेन में तीन घंटे तक परेशान रहा। हालांकि लखनऊ में रहकर तैयारी कर रहे एक व्यक्ति ने इसे लावारिस पाकर जीआरपी चौकी अयोध्या के इंचार्ज के हवाले कर दिया।
नौकरी पर खतरा मंडराता देख चौकी में रिपोर्ट लिखाने जब फौजी पहुंचा तो उसकी रिवॉल्वर वापस कर दी गयी। इतना ही नहीं, जीआरपी ने ट्रेन छूट जाने पर नशे में धुत फौजी को बस से देवरिया भेजा।
सूत्रों के अनुसार, घटना गुरुवार को डाउन सरयू-यमुना एक्सप्रेस में हुई।
इसके जनरल कोच में सवार एक फौजी नशे में धुत था। लखनऊ से ट्रेन छूटी तो वहीं रिवॉल्वर गिर गयी। इसे लखनऊ में रहकर कंप्टीशन की तैयारी कर रहे युवक ने उठा लिया। फौजी अपनी रिवॉल्वर खोजता और बड़बड़ाता रहा।
ट्रेन अयोध्या पहुंची तो युवक ने रिवॉल्वर चौकी प्रभारी मानवेंद्र पाठक के हवाले कर दिया। उसने फौजी की पूरी करतूत भी पाठक को बताया। मानवेंद्र पाठक ने घटना को सही बताते हुए कहा कि रिवॉल्वर फौजी के हवाले कर दी गयी। थाने में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है।