इनायतनगर थाना क्षेत्र के परसौली गांव में गुरुवार रात अपहरण की आशंका को लेकर लगी गुहार पर काफी देर तक हंगामा हुआ। गांव निवासी रमेश चंद पांडेय ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उनका अपहरण करने के लिए बदमाशों के साथ उनका साला गांव आया हुआ है।
गुहार पर दौड़े ग्रामीणों ने चार पहिया एक वाहन व दो लोगों को दबोच लिया। तीन लोग मौके से भागने में सफल रहे। यह घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे की है। यही नहीं रमेश ने बताया कि एक महीने पहले ससुराल वालों ने डकैती डालकर घर में लूटपाट की थी।
जिसकी इनायतनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज है। हालांकि रात में ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और पकड़े गए लोगों को इनायतनगर थाने ले गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में युवकों ने बताया कि रात में यह लोग रमेश की पुस्तैनी जमीन खरीदने के उद्देश्य से मुआयना करने आए थे। दोनों तरफ से रिश्तेदारों के दबाव में सुलह समझौता हुआ है। जिसके बाद सभी को जाने दिया गया।