नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदहा चौराहे पर शनिवार की देर शाम एक दुकानदार का बेटा चार पहिया वाहन की चपेट में आ गया। इसको लेकर लोगों ने वाहन चालक की धुनाई कर दी। चालक ने फोन कर साथियों को बुला लिया तो हंगामा हुआ।
पुलिस दुकानदार को कोतवाली ले जाने लगी तो लोगों ने विरोध किया और दुकानें बंद कर दीं। वाहन पड़ोसी जिला गोंडा के एक मंत्री का बताया जा रहा है। शनिवार शाम मोदहा चौराहे से गुजर रही एक मिनी बस का पहिया जनरल स्टोर संचालक रमेश शर्मा के बेटे धीरू के पैर पर चढ़ गया।
हालांकि धीरू को गंभीर चोट नहीं आई। मौके पर एकत्र लोगों ने वाहन चालक की पिटाई कर दी तो चालक ने फोन कर अपने लोगों को बुला लिया। नोकझोंक के बाद नौबत मारपीट तक जा पहुंची, तभी भारी तादात में पुलिस पहुंच गई और चालक के साथियों को हिरासत में लेकर चली गई।
कुछ देर बाद पुलिस फिर पहुंची और जनरल स्टोर संचालक को ले जाने लगी तो लोगों ने विरोध करते हुए दुकानें बंद कर दीं। पुलिस दुकानदारों को समझाने में जुटी रही। सीओ सिटी जवाहरलाल का कहना है कि दो पक्षों में विवाद हुआ है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।