रौनाही थानाक्षेत्र में बुधवार सुबह फैजाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर तेज रफ्तार निजी बस की टक्कर से बाइक सवार मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर मारने वाली निजी बस को पटरंगा थाने की हाईवे चौकी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
रुदौली कोतवाली के मोहल्ला शेखाना निवासी रामनरेश विश्वकर्मा के परिवार की बहू अंजली रौनाही थाना क्षेत्र के परशुरामपुर अपने मायके देवर दुर्गेश के साथ मोटर साइकिल से जा रही थी। बाइक पर साथ में अवधेश की तीन वर्षीय पुत्री महक भी थी। रौनाही थाना के बरई खुर्द गांव के निकट एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने के लिए हाईवे पर बने कट से दुर्गेश ने जैसे ही मोटर साइकिल मोड़ी। वैसे ही फैजाबाद से आ रही तेज रफ्तार निजी बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोटर साइकिल सवार तीनों लोग दूर जा गिरे। तेज आवाज सुन स्थानीय व राहगीरों ने तीनों को उठाकर किनारे किया और रौनाही पुलिस को सूचना दी। रौनाही पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी सोहावल भेजा। जहां डॉक्टरों ने 24 वर्षीय अंजली व तीन वर्षीय महक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश (20) को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लेकिन भेलसर के निकट दुर्गेश ने भी दम तोड़ दिया। रुदौली पुलिस ने दुर्गेश के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रौनाही पुलिस ने मौके पर मृत दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। हादसे से परिवारीजनों में कोहराम मचा है।