वाणिज्य विभाग की शह पर आरक्षण टिकट की खिड़की दलालों के कब्जे से मुक्त नहीं हो पा रही है। दस दिन बाद एक बार फिर लखनऊ की विजिलेंस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने आचार्य नरेंद्रदेव नगर रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़की से एक दलाल को स्लीपर के दो टिकटों वा भरे फॉर्मों के साथ पकड़ा है। पकड़ा गया युवक नियाज अंसारी थाना नवाबगंज जिला गोंडा के शाहपुर का रहने वाला बताया गया है।
उसके पास से फैजाबाद दिल्ली एक्सप्रेस के मुरादाबाद तक स्लीपर क्लास का टिकट व भरा फॉर्म मिला है। इससे पहले आरपीएफ 18 मई को इसी स्टेशन से एक दलाल को आठ टिकटों और भरे गए फार्मों के साथ पकड़ कर चालान कर चुकी है।
टीम ने ई टिकटिंग के साथ दलाली का कार्य करने वाले एक युवक के भाई को भी पकड़ा था, लेकिन उसे छोड़ दिया था। सूत्रों के अनुसार रेलवे की आरक्षण खिड़की पर टिकट दलालों का रुदौली से लेकर मालीपुर तक राज चल रहा है। इसमें वाणिज्य विभाग के एक अधिकारी की शह बतायी जा रही है।
आरपीएफ के प्रभारी सहायक निरीक्षक ओपी राय कहते हैं, टिकट दलालों का यह खेल पूरे फैजाबाद सेक्शन में आरक्षण केंद्रों से हो रहा है। वाणिज्य विभाग की मिलीभगत से चल रहे रैकेट को उनकी टीम लगातार पकड़ रही है।